बैतूल के बडोरा क्षेत्र में यातायात सुगम बनाने के लिए एक नई सड़क को मंगलवार को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, भोपाल ने इस टू-लेन सड़क के निर्माण को मंजूरी दी है। इसकी लागत 6 करोड़ 91 लाख 53 हजार रुपए होगी। यह सड़क बैतूल कृषि उपज मंडी बडोरा से नागपुर-भोपाल फोरलेन पर स्थित तितली चौराहा तक बनाई जाएगी। लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी और सात मीटर चौड़ी यह सड़क लोक निर्माण विभाग द्वारा मंडी बोर्ड की निधि से निर्मित की जाएगी। सात पुलिया, एक मध्यम पुल और रिटर्निंगवाल बनेगी
नई सड़क बडोरा कृषि उपज मंडी के पिछले हिस्से से शुरू होकर खेतों के रास्ते सीधे एनएच 47 फोरलेन स्थित तितली चौराहे तक पहुंचेगी। इस मार्ग पर सात पुलिया, एक मध्यम पुल और रिटर्निंगवाल का भी निर्माण किया जाएगा। इस सड़क से किसानों को अपनी उपज सीधे फोरलेन से मंडी तक लाने में आसानी होगी और बडोरा चौक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी निजात मिलेगी। विधायक खंडेलवाल ने बताया कि जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के कारण कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2015 में बैतूल मंडी में प्रतिवर्ष 20 लाख क्विंटल उपज आती थी, जो अब बढ़कर 50 लाख क्विंटल हो गई है। प्रतिदिन लगभग 350 से 400 वाहन मंडी पहुंचते हैं, जिससे बडोरा क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ गया था और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। एनएच से सीधी कनेक्टिविटी होगी
इस नई सड़क के निर्माण से एनएच 47 से बैतूल मंडी की सीधी कनेक्टिविटी स्थापित हो जाएगी। किसान तितली चौराहे से सिर्फ डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय करके सीधे मंडी पहुंच सकेंगे। इससे बडोरा चौक और अन्य मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा, साथ ही शहर के बाहर से मंडी तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। खंडेलवाल ने यह भी बताया कि यह सड़क फिलहाल किसानों की सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए स्वीकृत की गई है। भविष्य में बडोरा कृषि उपज मंडी को शहर से बाहर स्थानांतरित करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि मौजूदा स्थान पर सब्जी मंडी का संचालन किया जा सके और शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।


