राजस्थान विधानसभा में बजट पर रिप्लाई देते हुए डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री दीया कुमार ने बालोतरा को सौगात दी है। उन्होंने बताया-जोजरी और बांड़ी नदी में गिरने वाले ट्रीटेड पानी को पचपदरा रिफाइनरी तक पहुंचाने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाएगा। डिप्टी सीएम ने बताया-राज्य सरकार औद्योगिक इकाइयों में मीठे पानी की खपत कम करने और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए कदम उठा रही है। इसी क्रम में जोजरी और बांड़ी नदी में शहरी क्षेत्रों से आने वाले शोधित जल के पुन: उपयोग की योजना बनाई जा रही है। पर्यावरण और जल संरक्षण को मिलेगा बढावा
इस योजना के तहत पचपदरा स्थित रिफाइनरी को यह शोधित जल उपलब्ध कराने की संभावनाओं का अध्ययन कर डीपीआर तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पहल से उद्योगों को एक वैकल्पिक जल स्रोत प्राप्त होगा, साथ ही पर्यावरण और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही पचपदरा क्षेत्र में विभिन्न सड़क विकास कार्यों के लिए 13 करोड़ 90 लाख रुपये की घोषणा की गई है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी। इन कामों की भी घोषणा हुई कनाना से कुम्पावास तक सीडी कार्य एवं बीटी सड़क निर्माण (3 किमी.)
इस सड़क के लिए 3 करोड़ 73 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। कल्याणपुर से अराबा दुदतवान तक नई बीटी सड़क निर्माण (4 किमी.)
इस परियोजना के लिए 2 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। नई बीटी रोड बनने से परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा और स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।


