बारां जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘नशा-विनाश’ के तहत बड़ी कार्रवाई हुई है। कोतवाली थाना पुलिस ने 1 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मादक पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी और डीएसपी हरिराम सोनी के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी योगेश चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। यह टीम गश्त और चैकिंग कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम नटराज गार्डन के पास उत्तम कॉलोनी पहुंची। वहां एक व्यक्ति बाइक पर आता दिखा, जो पुलिस जीप देखकर वापस मुड़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ की। आरोपी ने अपनी पहचान मनिहारा तालाब क्षेत्र निवासी विजय सुमन उर्फ बृजमोहन पुत्र कन्हैयालाल के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थानाधिकारी सदर बारां हीरालाल कर रहे हैं। इस कार्रवाई में एएसआई परशुराम, हरीश भाटी, पवन कुमार, विनोद कुमार, जुगल सिंह और नरेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।


