सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम लगाने पर चर्चा:सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अतिक्रमण हटाने, ब्रेकर बनाने सहित कई निर्णय

बारां में मंगलवार शाम को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला परिषद के सीईओ राजवीर सिंह चौधरी ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें जिले के विभिन्न मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय करने का निर्णय लिया गया। मिनी सचिवालय सभागार में हुई बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 से संबंधित कई निर्देश दिए गए। इनमें ढाबों के सामने अनाधिकृत पार्किंग हटाने, ओवर-ले डामरीकरण के साथ व्हाइट लाइनिंग करने, थाना सीमा क्षेत्रों के साइन बोर्ड लगाने और डिवाइडर को ऊंचा करने जैसे तकनीकी सुधार शामिल हैं। शाहबाद घाटी में मलबा गिरने की समस्या के समाधान के लिए घाटी को चौड़ा करने और डायवर्जन के प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त, सर्विस लेन को दुरुस्त करने और मलबा हटाने का भी निर्देश दिया गया। शहर के कोटा रोड स्थित सहकार भवन चौराहे पर दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ब्रेकर बनाने और रात में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। बैंकों के सामने पार्किंग से होने वाली असुविधा को देखते हुए वाहनों की जब्ती के निर्देश भी दिए गए। अटरू मार्ग पर दाता साहब के स्थान पर हादसों को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी, सदस्य सचिव एवं अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हुकमचंद मीणा, जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा और नगर परिषद आयुक्त भुवनेश मीणा उपस्थित रहे। इनके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, वन विभाग, शिक्षा विभाग और यातायात पुलिस सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *