लुधियाना में हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार:पंप एक्शन राइफल, फर्जी लाइसेंस और हेरोइन बरामद, गांधी गैंग से जुड़ा है आरोपी

खन्ना पुलिस ने नशा तस्करी और गैंगस्टरवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “गैंगस्टरों पर वार” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जगपाल सिंह उर्फ जोगी को गिरफ्तार कर हेरोइन सप्लाई चेन को तोड़ने का दावा किया है। आरोपी के पास से ड्रग मनी, अवैध हथियार, फर्जी असला लाइसेंस और कारतूस बरामद किए गए हैं। एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया के निर्देश पर थाना सदर खन्ना की टीम ने गांव दहेड़ू में यह कार्रवाई की। जगपाल सिंह जोगी को पहले से दर्ज एक मामले के संबंध में गिरफ्तार किया गया। इस मामले में रणदीप सिंह और अश्वीर नामक दो आरोपियों को पहले ही 6 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा जा चुका था। जांच में पता चला कि यह गिरोह गांवों में हेरोइन की आपूर्ति कर युवाओं को नशे की ओर धकेल रहा था। डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि जगपाल सिंह जोगी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया कि वह लंबे समय से अपने बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर नशे की तस्करी में लिप्त था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जोगी के कब्जे से 47,500 रुपये की ड्रग मनी, तरनतारन से बनवाया गया एक फर्जी असला लाइसेंस, एक अवैध पंप एक्शन 12 बोर राइफल, आठ जिंदा कारतूस और चार खाली कारतूस बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी गुरजीत सिंह उर्फ गुरी निवासी हरबंसपुरा और दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर नशे की आपूर्ति करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गुरजीत सिंह उर्फ गुरी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 5 ग्राम 50 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न टीमें छापेमारी कर रही हैं। डीएसपी विनोद कुमार ने यह भी बताया कि जगपाल सिंह जोगी का पुराना संबंध गांधी गैंग से रहा है। पुलिस इस पहलू से भी जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *