दमोह-छतरपुर स्टेट हाईवे पर मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे हादसा हो गया। नरसिंहगढ़ में सुनार नदी के पुल से एक फोर व्हीलर अनियंत्रित होकर लगभग 60 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुनील अहिरवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है और उन्हें अस्पताल भेजा। कार में उनकी पत्नी सपना भी सवार थीं। जिन्हें साढ़े 6 घंटे तक तलाश किया गया लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि पुलिस और रेस्क्यू टीम ने रात करीब 11 बजे क्रेन की मदद से कार को नदी से बाहर निकाल लिया है। पति-पत्नी बकायन हनुमान मंदिर जा रहे थे देहात थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा निवासी सुनील उर्फ अमित अहिरवार अपनी पत्नी सपना के साथ अपनी क्विड कार से बकायन स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान नरसिंहगढ़ पुल पर उनकी कार बेकाबू होकर सीधे नदी के गहरे पानी में जा गिरी। सुनील के चचेरे भाई महेश अहिरवार ने बताया कि सुनील मंगलवार को अपने परिवार के सहित बकायन हनुमान मंदिर दर्शन करने जाते थे। इस मंगलवार को सुनील की दो बेटियां घटना के वक्त दादी के पास थीं। जिससे वे मंदिर नहीं गईं। हादसे के बाद की तस्वीरें देखिए- बचाव कार्य में गहराई और अंधेरे से हुई दिक्कत घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व टीम प्रभारी प्राची दुबे ने किया। एसडीआरएफ टीम प्रभारी प्राची दुबे ने बताया कि अंधेरा होने और नदी में अधिक पानी होने से टीम को रेस्क्यू करने में परेशानी हो रही थी। डीप ड्राइवर कई बार नदी में गोता लगा चुका था। रात करीब 11 बजे हमें सफलता मिली है। परिजन ने जाम लगाने की कोशिश की परिजन ने पुल के समीप दमोह-छतरपुर हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया गया। जिसे पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने समझाइश देकर रुकवा दिया। मौके पर एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया, बटियागढ़ टीआई रजनी शुक्ला और देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहीं।


