चूरू जिले के राजलदेसर में सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों के रिक्त पदों को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार दोपहर को सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा अस्पताल पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने उनके सामने ही अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। लोगों की मुख्य मांग डेप्युटेशन पर भेजे गए डॉक्टरों को वापस मूल पद पर तैनात करने की थी। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार और चिकित्सा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। पहले दौर की वार्ता विफल रहने के बाद, दूसरे दौर में सीएमएचओ ने डॉ. मूमल चौधरी का डेप्युटेशन निरस्त करने के आदेश दिए। डॉ. वीरेंद्र वर्मा के संबंध में शाम तक आदेश जारी करने का आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त कर दिया गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजलदेसर थानाधिकारी कमलेश कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। धरने में कांग्रेस नगर अध्यक्ष जब्बार खोखर, पालिका उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश घिंटाला, कामरेड भादर भाम्भू सहित कई स्थानीय नेता और लोग शामिल रहे। पूर्व पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश कटारिया, पार्षद नबीबक्स निर्वाण, विनोद सैनी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।


