रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। शाम करीब 5 बजे एक युवक को दौड़ाकर गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहत की बात यह रही कि गोली उसके पैर में लगी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घायल युवक की पहचान विकास सिंह के रूप में हुई। आरोप है कि पिंटू सिंह उर्फ डगरडुआ अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और युवक को निशाना बनाते हुए फायर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर युवक को दौड़ाते हुए ले गए और फिर उस पर गोली चला दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को संजय गांधी अस्पताल रेफर
घायल युवक को तुरंत गंगेव स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार गोली अभी भी युवक के पैर में फंसी हुई है और ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है। गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


