भास्कर न्यूज | राजिम महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव बलदाऊ प्रसाद देवांगन धर्मनगरी राजिम प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वेदमाता गायत्री, भगवान श्री राजीव लोचन, कुलेश्वर महादेव एवं राजिम भक्तिन माता मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर छत्तीसगढ़ सहित देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान देवांगन ने नयापारा नगर में अपने बचपन के मित्रों एवं समाज प्रमुखों—रवि शंकर साहू, ब्रह्मदत्त शास्त्री, संतोष माखीजा, हेमंत गोलछा एवं नजीर अली से आत्मीय सौजन्य भेंट की। गरियाबंद जाते समय उन्होंने राजिम कुंभ मेला में विगत पांच वर्षों से राजिम भक्तिन माता भोग भंडारा का आयोजन कर रही समिति के अध्यक्ष लाला साहू से मुलाकात कर समिति के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर श्री देवांगन ने कहा कि राजिम भक्तिन माता की भव्य प्रतिमा न केवल राजिम बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में स्थापित होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि हरिद्वार में साहू समाज की बड़ी संख्या निवास करती है और वहां भी प्रतिमा स्थापना के लिए समाज को प्रेरित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ की पाठ्यपुस्तकों में राजिम भक्तिन माता की जीवनगाथा को शामिल करने की दिशा में प्रयास करने की सलाह दी। उल्लेखनीय है कि उप कुलसचिव बलदाऊ प्रसाद देवांगन मूलतः नयापारा, राजिम के निवासी हैं और छत्तीसगढ़ की संस्कृति से भली-भांति परिचित हैं। इस अवसर पर वेदमाता गायत्री मंदिर के सदस्य अमृतलाल साहू, समिति के संगठन मंत्री डॉ. ओंकार साहू, समाजसेवी रवि शंकर साहू, अनसूया साहू एवं वात्सला देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे।


