करमाटांड़ पुलिस ने ग्रामीणों की भीड़ से छुड़ाकर लिया हिरासत में, लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील

भास्कर न्यूज | करमाटांड़ करमाटांड़ थाना अंतर्गत करमाटांड़ बस्ती में मंगलवार को बच्चा चोर होने की अफवाह के बीच एक अनजान व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और देखते ही देखते भीड़ बढ़ती चली गई। अफवाह के प्रभाव में आए कुछ लोगों ने उस व्यक्ति के साथ मारपीट भी कर दी, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती में एक अनजान व्यक्ति को घूमते देखकर संदेह उत्पन्न हुआ। हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों के चलते लोग पहले से ही सतर्क थे। इसी बीच उस व्यक्ति को पकड़कर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसके पास मौजूद सामान की तलाशी ली गई, जिसमें चाकू, कुल्हाड़ी, कुछ दवाइयां और अन्य घरेलू उपयोग की चीजें बरामद हुआ। इन वस्तुओं को देखकर ग्रामीणों का शक और गहरा गया, जिसके बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ से उस व्यक्ति को छुड़ाया और सुरक्षित रूप से थाना ले गई। पुलिस की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई और हालात पर काबू पाया गया। थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पकड़ा गया व्यक्ति बच्चा चोर नहीं है। शुरुआती पूछताछ और तथ्यों के आधार पर वह कचरा चुनने का काम करने वाला है। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चा चोरी की अफवाह के कारण ग्रामीणों ने उसे अनजान समझकर पकड़ लिया था। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। संदिग्ध िस्थति में पुलिस को सूचना दें: थाना प्रभारी पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर कानून अपने हाथ में न लें। किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। कानून कोई भी हाथ में न लें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *