जिले के गुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलगांव पंचायत के गड़सारू टाटीटोली गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक परिवार को कथित रूप से ‘डायन-बिसाही’ बताकर न सिर्फ सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। बल्कि जान से मारने की खुली धमकी भी दी गई है। पीड़ित परिवार ने गुमला थाना में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार के राजेश उरांव 55 वर्ष ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके ही गांव के पड़ोसी ललकी कुमारी 21 वर्ष और विरसाय उरांव 19 वर्ष समेत अन्य लोग पिछले एक वर्ष से उन्हें और उनके परिवार को ‘डायन-बिसाही’ कहकर लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान कई बार सार्वजनिक रूप से उन्हें अपमानित किया गया और सामाजिक बहिष्कार की भी कोशिश की गई। शिकायत के अनुसार, 14 फरवरी 2026 की रात स्थिति और भयावह हो गई। जब आरोपितों ने 10-15 लोगों को बुलाकर पीड़ित परिवार के घर के बाहर हंगामा किया। भीड़ ने कथित रूप से घर को घेर लिया और ‘डायन-बिसाही’ कहकर परिवार के रतन उरांव जानलेवा हमला करने की कोशिश की। परिजनों का कहना है कि भीड़ गाली-गलौज करते हुए चिल्ला रही थी कि तंत्र-मंत्र करना बंद करो, नहीं तो जान से मार देंगे। भयभीत परिवार ने घर के अंदर छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। राजेश उरांव ने आवेदन में स्पष्ट लिखा है कि उन्हें और उनके परिवार खास कर पत्नी रतन को जान-माल का गंभीर खतरा है। उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। गौरतलब है कि झारखंड में डायन-बिसाही के नाम पर उत्पीड़न और हिंसा की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। सरकार द्वारा इसे रोकने के लिए कड़े कानून भी बनाए गए हैं, बावजूद इसके ग्रामीण इलाकों में अंधविश्वास के नाम पर लोगों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।


