भास्कर न्यूज|गुमला केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज से देशभर में शुरू हो गईं। जिसके तहत स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला में परीक्षा का सफल और शांतिपूर्ण आगाज हुआ। इस परीक्षा केंद्र पर जिले के कुल 5 स्कूलों से 528 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से आज 522 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए और 6 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के सफल संचालन पर जानकारी देते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला के प्रधानाचार्य सह सेंटर सुपरिटेंडेंट डॉ. रमाकांत साहू ने बताया कि बोर्ड के कड़े दिशा-निर्देशों के बीच परीक्षा पूरी तरह से कदाचार मुक्त और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई। उन्होंने हर्ष व्यक्त किया कि पहले दिन सभी परीक्षार्थियों ने उत्साह के साथ परीक्षा दी और केंद्र पर सुरक्षा व पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम रहे, जिससे छात्रों को एक बेहतर शैक्षणिक माहौल प्राप्त हुआ।


