लोहरदगा रोड स्थित निराला आई हॉस्पिटल में आगामी 22 फरवरी 2026, दिन रविवार को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह अस्पताल जन विकास ट्रस्ट द्वारा संचालित है। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद व आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर में चेन्नई के प्रसिद्ध नेत्र संस्थान शंकर नेत्रालय से जुड़े ख्याति प्राप्त नेत्र सर्जन व रेटिना विशेषज्ञ डॉक्टर समीर कुमार और सुप्रसिद्ध नेत्र सर्जन डॉक्टर नीलू कुमारी अपनी सेवाएं देंगे। दोनों विशेषज्ञों द्वारा मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिविर में मोतियाबिंद के अलावा रेटिना से संबंधित रोग, आंसू की थैली की समस्या, टेरिजियम, क्लोजियम सहित अन्य नेत्र रोगों का भी ऑपरेशन किया जाएगा। ऑपरेशन के उपरांत सभी मरीजों को निःशुल्क काला चश्मा और आवश्यक दवाइयां प्रदान की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने अधिक से अधिक मरीजों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक मरीज पूर्व में अस्पताल पहुंचकर जांच व पंजीकरण करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अस्पताल के दूरभाष नंबर 06524-796227 या मोबाइल नंबर 8252672246 पर संपर्क किया जा सकता है। जन विकास ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था का लक्ष्य ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि दृष्टिहीनता की समस्या को कम किया जा सके। यह शिविर उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।


