लुधियाना| दुगरी इलाके के गुरुज्ञान विहार फेस-1 में 16 फरवरी दोपहर 2 बजे के करीब 35 साल की महिला पर तेजाब फैंकने वाला आरोपी व्यक्ति पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में तेजाब फेंकने से महिला का चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलस गईं थीं। पीड़िता की शिकायत के बाद थाना दुगरी की पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आरोपी को मंगलवार को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। मामले की जांच कर रहे आईओ दिलबाग सिंह ने बताया कि पकड़े आरोपी की पहचान पान सिंह वासी नंद विहार, बलटाना, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। लुधियाना पुलिस ने उसे चंड़ीगढ़ जाकर गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां पर एक भट्टे पर ठेकेदार के रूप में काम करता है। उसने पूछताछ में बताया कि पीड़ित महिला पहले चंडीगढ़ में उसके पास काम करती थी। करीब एक साल तक पीड़िता ने उसके पास काम किया। लेकिन फिर करीब 2 महीने पहले काम छोड़कर उसकी मर्जी के बिना लुधियाना अपनी बहन के पास आ गई। जब वह वापिस नहीं आई तो गुस्से में आकर उसने तेजाब फेंक दिया। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर उसका रिमांड लेकर आगे पूछताछ की जाएगी।


