भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर के सिविल अस्पताल लुधियाना में पिछले कई महीनों से चली आ रही सीवरेज जाम की गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठा लिया गया है। सीवरेज ब्लॉक होने के कारण अस्पताल के कई वॉशरूम बंद पड़े थे, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार शिकायतों के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से उठाया। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. अखिल सरीन ने बताया कि सीवरेज जाम होने से अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और कई वार्डों से जुड़े वॉशरूम पूरी तरह ब्लॉक हो चुके थे। समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन से विशेष अनुरोध किया गया। एसएमओ के अनुरोध पर डीसी हिमांशु जैन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आवश्यक फंड जारी करने की स्वीकृति दी। यह फंड पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉर्पोरेशन (पीएचएससी) को उपलब्ध कराया गया है, जिसके तहत सीवरेज की सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। अस्पताल परिसर में मशीनों की सहायता से जाम सीवरेज लाइनों को खोला जा रहा है। विशेषज्ञ टीम पाइपलाइन की गहराई तक सफाई कर रही है, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी समस्या उत्पन्न न हो। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्राथमिकता उन हिस्सों को दी जा रही है जहां मरीजों की आवाजाही अधिक है। डॉ. अखिल सरीन ने कहा कि यदि कार्य इसी गति से चलता रहा तो इस सप्ताह के भीतर सभी ब्लॉक सीवरेज लाइनों को पूरी तरह साफ कर लिया जाएगा। इसके साथ ही बंद पड़े वॉशरूम भी दोबारा चालू कर दिए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर सीवरेज की जांच करवाई जाएगी। अस्पताल परिसर में मशीनों की सहायता से पाइपलाइनों की सफाई करते।


