इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शुरू 600 सीसी कैमरे से निगरानी करेंगे

भास्कर न्यूज | राउरकेला शहर में स्मार्ट गवर्नेंस और आधुनिक शहरी प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह केंद्र रूरल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और राउरकेला स्मार्ट सिटी लिमिटेड के संयुक्त प्रयासों से स्थापित हुआ है। उद्घाटन राउरकेला नगर निगम आयुक्त और स्मार्ट सिटी की सीईओ धीना दस्तगीर ने किया। आईसीसीसी की शुरुआत के साथ ही शहर में यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था की निगरानी और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। शहर के 13 प्रमुख स्थानों पर अत्याधुनिक ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लगाए गए हैं, जिनमें से चार चौराहों पर यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर दी गई है। ये सिस्टम ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन तकनीक से लैस हैं, जो गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट चलना, सीट बेल्ट न लगाना और ट्रिपल राइडिंग जैसे नियम उल्लंघनों की स्वतः पहचान कर सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि तकनीक आधारित प्रवर्तन से सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और यातायात नियमों के पालन में सुधार आएगा। शहर के रणनीतिक स्थानों पर 600 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। विशेष परिस्थितियों में त्वरित सूचना प्रसारित करने के लिए 10 स्थानों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं। नागरिकों की सहायता के लिए 20 इमरजेंसी कॉल बॉक्स लगाए गए हैं, जिनमें से 14 वर्तमान में कार्यरत हैं। अधिकारियों के अनुसार आईसीसीसी शहर की विभिन्न नागरिक सेवाओं और निगरानी तंत्र को एक जगह एकीकृत करेगा। इससे प्रशासन को रियल टाइम में निर्णय लेने, आपात स्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया देने और शहर को अधिक सुरक्षित तथा उत्तरदायी बनाने में मदद मिलेगी। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत यह कदम तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *