राउरकेला| राउरकेला वन प्रभाग में वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने बराह (जंगली सूअर) का शिकार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। डीएफओ जशवंत सेठी के नेतृत्व में वन अधिकारियों ने गुप्त सूचना पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से जंगली सूअर की खाल, मांस और शिकार में उपयोग किए जाने वाले घातक हथियार बरामद हुए। वन अधिकारियों ने बताया कि सुंदरगढ़ और राउरकेला के आसपास के जंगल लंबे समय से अवैध शिकारियों के निशाने पर हैं। इससे वन्यजीवों को नुकसान पहुंच रहा है और पर्यावरणीय संतुलन भी बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई वन विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण है।


