भास्कर न्यूज | रायगढ़ रुपए लेनदेन को लेकर दो पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद मारपीट तक बढ़ गया। पुसौर पुलिस ने इस मामले में पति–पत्नी को गिरफ्तार किया है। 25 जनवरी को वार्ड 12, सारथी मोहल्ला पुसौर निवासी विक्रम सारथी (29) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विक्रम ने बताया कि उसके बड़े भाई विक्की सारथी और चाची गुरबारी सारथी के साथ पड़ोसी दिलीप सारथी और उसकी पत्नी दीपा सारथी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि दीपा ने ब्लेड से हमला कर विक्रम और उसकी चाची को घायल कर दिया। रिपोर्टकर्ता के अनुसार उसकी भाभी सरोज सारथी ने करीब 4-5 महीने पहले पड़ोस में रहने वाली दीपा सारथी को 3 हजार रुपए उधार दिए थे। पैसे वापस मांगने पर दीपा विवाद करने लगी और उसका पति दिलीप भी आकर गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगा। बीच-बचाव के दौरान दीपा ने घर में रखे शेविंग ब्लेड से विक्रम और गुरबारी पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हुए। विवेचना के दौरान दोनों घायलों के मेडिकल में धारदार वस्तु से चोट की पुष्टि होने पर मामले में गैर-जमानती धारा 118(1) बीएनएस जोड़ी गई। पुलिस ने दिलीप सारथी (40) और दीपा सारथी (37) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया।


