सराईपाली की जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, 12 दिन में बनाने की मांग

भास्कर न्यूज | रायगढ़ औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सराईपाली की जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) घरघोड़ा को ज्ञापन सौंपा और तुरंत सड़क निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गेरवानी–सराईपाली मार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां प्रतिदिन भारी वाहनों का आवागमन होता है। लगातार भारी वाहनों के चलने से सड़क पूरी तरह उखड़ गई है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए इस मार्ग से गुजरना कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनाई गई थी, लेकिन रखरखाव के अभाव में अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन और नाकेबंदी की जा चुकी है, लेकिन आश्वासन के अलावा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने 12 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन और अनिश्चितकालीन नाकेबंदी की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *