भास्कर न्यूज | राउरकेला सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से राजगांगपुर पुलिस ने विशेष मोटर वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से मॉडिफाइड (तेज और कर्कश आवाज वाले) साइलेंसर लगाए गए 11 मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया। जांच में पाया गया कि इन बाइकों में लगे साइलेंसर अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण पैदा कर रहे थे, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी। साथ ही यह मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन भी था। नियम तोड़ने वाले चालकों के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 45 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे अभियानों का उद्देश्य सिर्फ जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। अवैध मॉडिफिकेशन न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। राजगांगपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के विशेष जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध बदलाव न करें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।


