भास्कर न्यूज | रायगढ़ केंद्र शासन की ओर से वृद्धा, विधवा और दिव्यांगजनों को दी जाने वाली पेंशन पिछले तीन महीने से बंद है। पेंशन सॉफ्टवेयर बदले जाने और केंद्र से फंड जारी होने में देरी के कारण भुगतान अटका हुआ है। राशि न मिलने से परेशान हितग्राही मंगलवार को बड़ी संख्या में कलेक्टोरेट पहुंचे और कांग्रेसजनों के साथ कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की। जानकारी के अनुसार, समाज कल्याण विभाग द्वारा छह अलग-अलग श्रेणियों में पेंशन दी जाती है। इनमें वृद्धा, विधवा और निशक्तजन पेंशन केंद्र शासन से प्राप्त होती है। हितग्राहियों का कहना है कि लगातार तीन माह से पेंशन नहीं मिलने से उनकी रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। कई लोग दवाइयों और आवश्यक खर्चों के लिए इसी राशि पर निर्भर हैं। कलेक्टोरेट पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। अतिरिक्त कलेक्टर ने ज्ञापन प्राप्त कर जल्द ही लंबित राशि जारी कराने का आश्वासन दिया। वहीं कांग्रेसजनों ने चेतावनी दी है कि यदि पेंशन भुगतान शुरू नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। 95 वर्ष की बुजुर्ग लाठी के सहारे पहुंचीं: 95 वर्षीय सुषमा सुतर पेंशन की मांग को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचीं। उन्होंने बताया कि न ठीक से चल पाती हूं, न बोल पाती हूं। दवाई भी पेंशन से ही लेती हूं। तीन महीने से भुगतान नहीं मिलने से बेहद परेशानी है। बेटा बीमार है, दवा तक नहीं खरीद पा रही: 59 वर्षीय महेत्तरीन बर्मन ने बताया कि उसके बेटे की तबीयत खराब है। इलाज के बाद वह बिस्तर पर है। पेंशन के सहारे घर चलता है, लेकिन तीन महीने से भुगतान न मिलने के कारण दवा भी नहीं खरीद पा रही हैं। पेंशन ही सहारा, मुश्किल बढ़ी इंदिरा नगर निवासी फार्थू निशा ने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं, दोनों की शादी हो चुकी है। घर में अकेली रहती हैं। पेंशन से ही जीवन चलता है। तीन महीने से पेंशन नहीं मिलने पर जीवनयापन मुश्किल हो गया है। पासबुक लेकर बार-बार बैंक के चक्कर लगा रही हैं। हितग्राहियों से सुनिए उनकी परेशानी फंड नहीं आने से रुका भुगतान, लिस्ट भेजे गए ^केंद्र और राज्य से अलग-अलग पेंशन दिया जाता है। केंद्र से मिलने वाला पेंशन पहले एनएसपी मॉडल में दिया जाता था। इसे बदलकर एसएनए-स्पर्स मॉडल किया जा रहा है। साफ्टवेयर में बदलाव व केंद्र से फंड नहीं आने के कारण भुगतान रुका है। जिला स्तर से लिस्ट अपडेट कर भेज दी गई है। इस सप्ताह भुगतान होने की उम्मीद है। – शिवशंकर पांडेय, उप संचालक समाज कल्याण विभाग कांग्रेसियों ने उठाया मुद्दा जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव और अन्य कांग्रेसियों ने इस मुद्दे पर पहले भी ज्ञापन दिया था। भुगतान न मिलने पर मंगलवार को कांग्रेसियों और हितग्राहियों ने ऑडिटोरियम के पास एकत्र होकर रैली निकाली और कलेक्टोरेट पहुंचे। गेट पर पुलिस बल तैनात था। अंदर नहीं जाने दिया गया, लेकिन गेट पर ही विरोध कर ज्ञापन दिया गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में भुगतान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।


