भास्कर न्यूज | कोटा खोंगसरा रेलवे स्टेशन की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विरोध जताया है। कांग्रेस के अजहर खान के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने स्टेशन पर यात्रियों को मिल रही बुनियादी सुविधाओं की कमी को गंभीर समस्या बताया। अजहर खान ने कहा कि बिलासपुर से लगभग 66 किमी दूर स्थित यह महत्वपूर्ण स्टेशन होने के बावजूद प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर न शेड की व्यवस्था है और न ही पर्याप्त बैठने की सुविधा। बरसात में यात्री भीगते हैं, ठंड में बुजुर्ग व बच्चे परेशान होते हैं और गर्मी में तेज धूप झेलनी पड़ती है। स्टेशन पर पेयजल के नल और बूथ खराब पड़े हैं, परिसर में गंदगी फैली है और रात में पर्याप्त रोशनी नहीं रहती। सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप शर्मा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस मुद्दे को उठाया है। कांग्रेस प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बिलासपुर रेल मंडल व रेल महाप्रबंधक से शेड निर्माण, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था, नियमित सफाई और पर्याप्त प्रकाश की मांग की है।


