भास्कर न्यूज | कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है। इस मौके पर उन्होंने बताया कि शहर के 67 वार्डों में सड़क, पानी, बिजली, साफ-सफाई, उद्यान विकास और सौंदर्यीकरण के 573 कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन विकास कार्यों की कुल लागत लगभग 100 करोड़ रुपये है और अधिकांश काम शुरू हो चुके हैं। महापौर ने कहा कि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के सहयोग से शहर में विकास कार्यों को गति मिली है। स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा देश के टॉप टेन स्वच्छ शहरों में शामिल हुआ है। साथ ही स्वच्छता शपथ हस्ताक्षर अभियान के लिए शहर का नाम गोल्डन ऑफ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड दर्ज हुआ है। पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 20 एमएलडी क्षमता का नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा, जिससे 58 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। वहीं हसदेव नदी को प्रदूषण मुक्त करने 38 एमएलडी का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किया जा रहा है। शुद्ध जल का उपयोग एनटीपीसी अपने संयंत्र में करेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 हजार से अधिक आवासों के डीपीआर भी शासन को भेजे गए हैं।


