रिगनी-खरौद| ग्राम कुरियारी में विकसित भारत जी राम जी योजना को लेकर जनजागरण अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के मुख्य वक्ता भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रवक्ता (किसान मोर्चा) इंजीनियर रवि पाण्डेय रहे। उन्होंने कहा कि यह योजना क्रांतिकारी है और आने वाले पांच वर्षों में गांवों की तस्वीर बदलने वाली है। उन्होंने बताया कि पहले मनरेगा में 100 दिवस रोजगार और 15 दिनों में भुगतान की गारंटी थी, लेकिन भुगतान समय पर न मिलने से दलाल सक्रिय हो जाते थे और कई जगह मशीनों से काम कराकर खानापूर्ति की जाती थी। वहीं जी राम जी योजना में 125 दिवस रोजगार की गारंटी के साथ मजदूरी का भुगतान सात दिनों के भीतर करना अनिवार्य है। रवि ने कहा कि योजना में वर्षा ऋतु के दौरान दो माह कार्य बंद रखने का प्रावधान है, जिससे किसानों को खेती के समय मजदूरों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही अकुशल श्रमिकों को प्रशिक्षण देकर आजीविका से जोड़ते हुए उनका कौशल विकास करने की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में स्वागत भाषण मंडल अध्यक्ष लोकेश शुक्ला ने दिया। कार्यशाला को मंडल प्रभारी और भाजपा कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजीव बंजारे और युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंकुर गोयल ने भी संबोधित किया।


