60 रुपए व फोन के लिए युवक पर हमला, लोगों ने दबोचे आरोपी

लुधियाना| शहर में लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि मामूली रकम के लिए भी बदमाश जानलेवा हमला करने से नहीं चूक रहे। ऐसा ही एक मामला 14 फरवरी की रात करीब 8 बजे कंगनवाल इलाके में सामने आया, जहां पैदल जा रहे एक युवक को बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर पीटा और उससे मोबाइल फोन व 60 रुपए लूट लिए। पीड़ित ब्लिस्टर कुमार पटेल, निवासी दुर्गा कॉलोनी ढंडारी कलां ने बताया कि वह रात को अकेले पैदल काम पर जा रहा था। जब वह कंगनवाल रोड पर पहुंचा तो पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए, जो पहले उससे आगे निकल गए। कुछ दूरी पर सुनसान जगह देखकर दोनों ने बाइक रोककर उसे घेर लिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसके पास से मोबाइल फोन और 60 रुपए निकालकर फरार होने लगे। पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा किया, लेकिन बदमाश काफी आगे निकल चुके थे। इसी दौरान आरोपी आगे एक अन्य व्यक्ति से लूटपाट की कोशिश करने लगे। वहां मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़कर बाइक से नीचे गिरा दिया। इससे दूसरा आरोपी भी बाइक समेत गिर पड़ा। लोगों ने दोनों को काबू कर थाना साहनेवाल पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में जांच अधिकारी गुरदेव राम ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान परविंदर कुमार पुत्र सतवीर सिंह, निवासी आदर्श कॉलोनी और मन्नू कुमार पुत्र रमेश कुमार, निवासी मोहल्ला सुरजीत नगर, शिमलापुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *