किस्टाराम में 3 माओवादी स्मारक ढहाए

सुकमा| नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से सुरक्षाबलों की एक बड़ी कामयाबी सामने आई है। किस्टाराम थाना क्षेत्र के मुरियापारा गांव में सीआरपीएफ की 212 और 217 बटालियन की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनके तीन महत्वपूर्ण स्मारकों को जमींदोज कर दिया। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने ग्रामीणों की उपस्थिति में उन ढांचों को ढहा दिया, जो लंबे समय से इलाके में माओवादी विचारधारा और दहशत के प्रतीक बने हुए थे। ये स्मारक कुख्यात माओवादी नेता वंजम हिडमा, बलदेव समर और धर्मा समर की याद में बनाए गए थे। नक्सली इन स्मारकों का उपयोग स्थानीय जनता पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने और संगठन के प्रचार-प्रसार के लिए एक हथियार के तौर पर करते थे। मारे गए नक्सली कैडरों की याद में बने ये स्मारक न केवल ग्रामीणों के मन में भय पैदा करते थे, बल्कि इनके जरिए माओवादी अपनी पैठ को मजबूत दिखाने की कोशिश करते थे। सफल ऑपरेशन के बाद सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा बलों का उद्देश्य केवल शांति व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि उस डर को खत्म करना है जिसने ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से दूर रखा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *