पुलिस सुरक्षा में 128 केंद्रों में बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों को भेजा गया

भास्कर न्यूज | कांकेर जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर गोपनीय प्रश्नपत्रों का वितरण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू कर दिया गया है। 16 फरवरी को 69 केंद्रों को प्रश्नपत्र व अन्य गोपनीय सामग्री का प्रथम चरण में वितरण किया गया। वहीं शेष 59 केंद्रों को 17 फरवरी को सामग्री वितरण किया गया। वितरण के बाद सभी दलों को पुलिस सुरक्षा के बीच बसों से रवाना किया गया। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित होगी। 12वीं कक्षा की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चलेगी। पहला प्रश्नपत्र भूगोल और भौतिक शास्त्र का है। वहीं 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से प्रारंभ होकर 13 मार्च तक चलेगी, जिसका पहला पेपर हिंदी भाषा का होगा। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल में दो दिवसीय प्रश्नपत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले में कुल 128 परीक्षा केंद्र हैं। पहले दिन 69 केंद्रों को प्रश्नपत्र वितरित किए गए, जिनमें कांकेर, कोयलीबेड़ा, अंतागढ़ और दुर्गूकोंदल विकासखंड शामिल रहे। दूसरे दिन चारामा, भानुप्रतापपुर और नरहरपुर विकासखंड के 59 केंद्रों के लिए प्रश्नपत्र वितरण किया गया। प्रत्येक बस में माध्यमिक शिक्षा मंडल से आए पथ-प्रदर्शक और सुरक्षा गार्ड मौजूद रहे। सभी केंद्रों के प्रश्नपत्र संबंधित निकटवर्ती थानों में सुरक्षित रखे जाएंगे। जिस दिन संबंधित विषय की परीक्षा होगी, उसी दिन थाना से प्रश्नपत्र निकालकर परीक्षा केंद्र पहुंचाया जाएगा। बस रवाना होने से पहले सभी केंद्रों के शिक्षकों ने प्रश्नपत्र व गोपनीय सामग्री का मिलान कर पेटियों में सीलबंद कर सुरक्षित ढंग से बसों में रखा। इस वर्ष 10वीं में 9082 तथा 12वीं में 7938 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रश्नपत्र वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से उपसचिव अशोक बोरकर उपस्थित रहे। वितरण कार्य में सहायक संचालक प्रकाश कुमार सेन सहित कर्मचारी प्रीतम खापरडे, तिलक साहू और वाजिद अली जुटे रहे। दूरस्थ मंडागांव केंद्र को पहले रवानगी: सबसे पहले दूरस्थ क्षेत्र मंडागांव परीक्षा केंद्र के प्रश्नपत्र वितरित कर रवाना किए गए। यह केंद्र नारायणपुर बॉर्डर के अंदरूनी क्षेत्र में स्थित है। मंडागांव के प्रश्नपत्र नारायणपुर क्षेत्र के एड़का थाना में सुरक्षित रखे जाते हैं।
दो दिनों में हो जाएगा वितरण: सहायक संचालक प्रकाश कुमार सेन ने बताया कि प्रश्नपत्रों का वितरण दो दिनों में पूरा किया जाएगा और दूरस्थ क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई। दो परीक्षा केंद्र बंद, एक नया केंद्र खोला गया इस सत्र में भानुप्रतापपुर विकासखंड का परवी और कोयलीबेड़ा विकासखंड का घोड़ागांव परीक्षा केंद्र बंद किया गया है। परवी में मात्र 9 और घोड़ागांव में 17 परीक्षार्थी दर्ज थे। दुर्गूकोंदल ब्लॉक के ग्राम कोंडे हायर सेकंडरी स्कूल को नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पहले यहां के विद्यार्थियों को 14 किमी दूर कोड़ेकुर्से जाना पड़ता था, रास्ते में नदी भी पार करनी होती थी। लंबे समय से मांग के बाद अब नया केंद्र स्वीकृत हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *