कांकेर| आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड पर है। जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण और नमूना संग्रहण किया जा रहा है। अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई भी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान कुल 32 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। अमानक खाद्य पदार्थ के विक्रय पर कापसी स्थित एक मिठाई दुकान पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। बिना खाद्य लाइसेंस पंजीयन के व्यापार करने और अस्वस्थकर परिस्थितियों में खाद्य निर्माण करने वाले दो अन्य कारोबारियों पर 21 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा जांच के दौरान पनीर के तीन नमूने लिए गए। खोवा व पेड़ा अमानक पाए जाने पर संबंधित मसाला विनिर्माता कंपनी और खाद्य कारोबारकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन कांकेर के अभिहित अधिकारी सुष्मित देवांगन ने बताया कि जिले में विभिन्न प्रतिष्ठानों से लगातार खाद्य नमूने संकलित किए जा रहे हैं। जांच के दौरान दाल के विभिन्न प्रतिष्ठानों से पांच नमूने लिए गए। इसके अलावा मैदा, आटा, दलिया, तेल सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।


