कोटा | महाशिवरात्रि पर्व पर कोटेश्वर महादेव की नगरी कोटा भक्तिमय माहौल में डूबी रही। सुबह 4 बजे श्रद्धालुओं ने कोटसागर तालाब में स्नान और दीपदान किया, इसके बाद कोटेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक व विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। रात्रिकालीन कार्यक्रम में हवन-पूजन और अखंड रामायण पाठ का आयोजन भी किया गया। नगर के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों कोटा स्टेशन शिव मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, कोरी बांध किनारे देवरहा बाबा मंदिर, नाका चौक स्थित शिव हनुमान मंदिर और गौरीशंकर सिद्ध हनुमान मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह भंडारे का आयोजन कर खीर-पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। महाशिवरात्रि के अवसर पर कोटसागर तालाब किनारे सात दिवसीय मेले की भी शुरुआत हुई, जहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग परिवार सहित मेले का आनंद लेते नजर आए। पूरा नगर शिव भक्ति में सराबोर रहा।


