सीपत| सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी बिजली कंपनी एनटीपीसी ने वैश्विक पटल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित टाइम पत्रिका और अंतरराष्ट्रीय डेटा प्रदाता द्वारा 11 फरवरी 2026 को जारी एशिया-प्रशांत क्षेत्र की वर्ष 2026 की सर्वश्रेष्ठ कंपनियों’ की सूची में एनटीपीसी को स्थान दिया गया है। यह सम्मान कंपनी की परिचालन दक्षता और मानवीय दृष्टिकोण की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है। एशिया-प्रशांत क्षेत्र की शीर्ष कंपनियों की यह रैंकिंग विश्लेषण और तीन प्रमुख आयामों कार्यस्थल पर बेहतर माहौल और कर्मियों की खुशहाली, कंपनी की मजबूत आर्थिक स्थिति और विकास दर और पर्यावरण, सामाजिक जिम्मेदारी और प्रशासनिक पारदर्शिता पर आधारित है। एनटीपीसी की इस सफलता का मुख्य आधार उसका अनूठा उत्पादन क्षमता से पहले मानव दर्शन है। कंपनी ने मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में निरंतर सुधार करते हुए एक संवेदनशील और समावेशी कार्यसंस्कृति विकसित की है। यह वैश्विक सम्मान एनटीपीसी को एक पसंदीदा नियोक्ता के रूप में और अधिक मजबूती प्रदान करता है। एनटीपीसी न केवल विश्वसनीय और किफायती बिजली प्रदान कर रही है, बल्कि भारत की ऊर्जा परिवर्तन की यात्रा को भी गति दे रही है।


