भास्कर न्यूज | अमृतसर इस वर्ष होली पर चंद्र ग्रहण का साया रहेगा। एक मार्च को होलिका दहन होगी और 3 मार्च को पूर्ण चंद्र ग्रहण भी लगेगा। पूर्णिमा तिथि पर साल का पहला चंद्र ग्रहण लगेगा ऐसे में इसका प्रभाव सीधे होली पर देखने को मिलेगा। इस बार चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्रमा सिंह राशि में होकर केतु के साथ संयोग करके ग्रहण योग बनेगा। यह चंद्र ग्रहण दोपहर 3:20 बजे शुरू होगा और शाम 6:47 बजे तक रहेगा। इस चंद्र ग्रहण को भारत में देखा जा सकेगा और इसका सूतक काल मान्य होगा। सूतक काल के दौरान किसी भी तरह का शुभ काम करना वर्जित माना जाता है। पंडितों की माने तो सूतक ग्रहण के 9 घंटे पहले शुरू हो जाता है। इस तरह से होलिका दहन पर चंद्र ग्रहण लगने को ग्रस्तोदय ग्रहण कहा जाएगा। ऐसे में ग्रहण के चलते दुर्ग्याणा तीर्थ परिसर में 2 मार्च को होली खेली जाएगी। जबकि 4 को फूल डोल होली उत्सव। 3 मार्च को शाम 3 बजकर 20 मिनट से लेकर ग्रहण काल तक मंदिर के कपाट खुले रहेंगे और संकीर्तन होगा। शाम के समय भद्रा का साया भी है। ग्रहण और भद्रा काल दोनों ही अशुभ समय होता है। पंडित ओम प्रकाश के अनुसार इसलिए होलिका दहन 1 मार्च की रात को होगा। ग्रहण वाले दिन पूजा और अनुष्ठान नहीं करने के नियमों को देखते होली 2 मार्च को खेली जाएगी। पंडित ओम प्रकाश के मुताबिक होलिका दहन पर शाम को तय शुभ मुहूर्त में होलिका जलाई जाती है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक मानी जाती है। आग जलाने से पहले लोग होलिका की परिक्रमा करते हैं और घर-परिवार की सुख-शान्ति, अच्छे स्वास्थ्य और नकारात्मकता से मुक्ति की कामना करते हैं। मान्यता है कि अग्नि में जलने से नकारात्मक ऊर्जा, दोष और पुराने कष्ट समाप्त हो जाते हैं, इसलिए लोग होलिका की आग में गोबर के उपले, लकड़ी, सूखी घास के साथ गेहूं की बालियां, चना, नारियल और नई फसल अर्पित की जाती है। होलिका की अग्नि में अहंकार, डर और पुराने गिले-शिकवे छोड़ने का भाव माना जाता है। इसलिए शहर के करीब सभी मंदिरों में होली 2 मार्च को खेली जाएगी और इसका पारायण 4 मार्च को होगा। माडल टाउन रानी का बाग के पंडित राम अवतार के अनुसार चंद्रमा निकलते ही ग्रहण का कुछ हिस्सा लगभग 6:26 बजे से 6:46 बजे के बीच दिखाई देगा। इस दौरान चन्द्र थोड़ा धुंधला, ढका हुआ नजर आ सकता है। क्योंकि वह पहले ही पृथ्वी की छाया में कुछ हिस्सा में है। धार्मिक परंपरा के अनुसार ग्रहण को सूतक काल को भी माना जाता है।


