भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर 4 ड्रोन दिखने के मामले में 12 दिन के बाद थाना राजासांसी पुलिस ने केस दर्ज किया है। ड्रोन किसने उड़ाया था उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस को दी शिकायत में एयरपोर्ट के चीफ सिक्योरिटी अफसर वरुणप्रताप सिंह ने बताया कि 5 फरवरी को रात 8.39 बजे सीआईएसएफ की ओर से सूचना मिली कि एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया में डीवीओआर के ऊपर 4 ड्रोन जैसी गतिविधि देखी गई है। सूचना की पुष्टि एयरफोर्स स्टेशन राजासांसी की ओर से भी की गई। सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल और सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को सतर्क किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 8.47 बजे संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) की बैठक बुलाई गई। सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इस दौरान 2 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। रात 9:41 बजे एयरफोर्स स्टेशन राजासांसी ने पुष्टि की कि ऑपरेशनल क्षेत्र में कोई ड्रोन गतिविधि नहीं है। इसके बाद 9.42 बजे संचालन फिर से शुरू कर दिया गया।


