भास्कर न्यूज | जांजगीर-हसौद ग्राम छपोरा के पास मंगलवार को एक कैप्सूल ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें युवक का पैर बुरी तरह टूट गया और हड्डी बाहर निकल आई। उसके सिर पर भी गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने छपोरा-हसौद मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। मुआवजे के आश्वासन पर करीब 3 घंटे बाद आंदोलन समाप्त हुआ। इधर, चालक सदान अहमद को पुलिस ने हसौद थाना के पास पकड़ लिया। वाहन भी जब्त कर लिया गया है। ग्राम छपोरा निवासी तरुण कुमार दोपहर करीब 12 बजे किसी काम से अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। वह छपोरा पुलिस चौकी के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रही कैप्सूल वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसके बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का लोहे का हिस्सा उसके सिर पर जा लगा। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक तरुण दम तोड़ चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रख चक्काजाम कर दिया। तहसीलदार अनुज पटेल ने शासकीय सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए देने की घोषणा की। वहीं, ट्रक मालिक की ओर से 50 हजार रुपए देने की बात कही गई। करीब तीन घंटे तक चला चक्काजाम समाप्त हो गया।


