गरियाबंद| ग्राम दुतकैया (खपरी) में हाल ही में हुए सामुदायिक तनाव, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद जिला और पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था को लेकर मंगलवार को शांति समिति की बैठक बुलाई। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हुई इस बैठक में कलेक्टर बीएस उइके और पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सार्थक चर्चा हुई। बैठक में दोनों समुदायों के ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारियों ने गांव में सौहार्द और सामान्य स्थिति बहाल करने पर सहमति जताई। ग्रामीणों ने कहा कि दुतकैया में वर्षों से हिंदू-मुस्लिम समुदाय आपसी भाईचारे के साथ रहते आए हैं। हाल की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और वे गांव में शांति कायम रखना चाहते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करेंगे। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उपद्रवियों का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई, नियमित पेट्रोलिंग शुरू की गई और उपद्रवियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। गांव में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।


