भास्कर न्यूज| धमतरी मंगलवार से केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं बोर्ड परीक्षा की शुरूआत हुई। पहले दिन गणित के पेपर दिलाने के लिए जिले के 3 परीक्षार्थी नहीं पहुंचे। बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा फिजिकल एजुकेशन के साथ शुरू होगी। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षा शुरू हो गई है। 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा में 1346 छात्र-छात्राएं पंजीकृत है। जिला प्रभारी डा. नितिन शर्मा ने बताया कि मंगलवार को सुबह साढ़े 10 बजे से डेढ़ बजे तक कक्षा 10वीं की गणित की परीक्षा हुई। धमतरी जिले के 3 परीक्षा केन्द्र मेनोनाइट, डीपीएस एवं जवाहर नवोदय विद्यालय कुरूद बनाए गए है। इस परीक्षा के लिए 762 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 759 परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा देने के लिए मौजूद रहे, जबकि 3 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अधिकारिक जानकारी के मुताबिक मेनोनाइट इंग्लिश स्कूल परीक्षा केन्द्र में 2 परीक्षार्थी एवं जवाहर नवोदय में 1 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों ने बताया कि गणित पेपर से बोर्ड एक्जाम शुरू हुआ। कुछ ऐसे प्रश्न भी थे, जिसे हल करने में परीक्षार्थियों को दिक्कतें हुई। 18 फरवरी से कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू होगी। पहले दिन फिजिकल एजुकेशन का पर्चा होगा।


