सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर शहर में पानी की समस्या को दूर करने नगर निगम हर जोन में अलग-अलग कंट्रोल रूम बनाएगा। अभी तक पूरे शहर के लिए केवल विकास भवन में ही एक केंद्रीय कंट्रोल रूम था। नई व्यवस्था के तहत जोन 3, 4 और 5 का कंट्रोल रूम विकास भवन में ही रहेगा, जबकि जोन 1, 2, 6, 7 और 8 में संबंधित जोन कार्यालयों में अलग से कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। मेयर पूजा विधानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मार्च तक सभी कंट्रोल रूम शुरू कर दिए जाएं। हर कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि वार्डवासियों की शिकायतों का तुरंत समाधान हो सके। फिलहाल शहर के 70 वार्डों के लिए 52 पानी के टैंकर हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 33 ही चलने की स्थिति में हैं। कई टैंकरों में लीकेज है और करीब 20 टैंकर खराब पड़े हैं। मेयर ने निर्देश दिए हैं कि जो टैंकर मरम्मत योग्य हैं, उनकी तुरंत रिपेयरिंग कराई जाए। साथ ही जो टैंकर चल रहे हैं, उनमें भी लीकेज ठीक कराया जाए, ताकि पानी की बर्बादी न हो। मार्च तक 20 नए टैंकर भी निगम में शामिल किए जाएंगे। हर जोन में टैंकर के जरूरी पार्ट्स रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी वार्ड में पानी की आपूर्ति बाधित न हो। बता दें कि 28 करोड़ रुपए की लागत से बन रही पेयजल योजना का काम आधा-अधूरा है और पाइपलाइन का बड़ा हिस्सा अभी बिछना बाकी है। निर्माण की धीमी रफ्तार और फंड में हुई देरी के कारण इस गर्मी तक योजना पूरी होना संभव नहीं दिख रहा। ऐसे में आउटर और सिरगिट्टी क्षेत्र के लोगों को इस बार भी पानी के संकट से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शहर में पिछले कुछ सालों से लगाातार पानी की समस्या होने लगी है। मार्च तक कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश ^ पहली बार हर जोन में पानी की समस्या के निराकरण के लिए कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं। मार्च तक व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। -अनुपम तिवारी, प्रभारी, जल शाखा


