भास्कर न्यूज | कोरबा माता-पिता के कमाने-खाने तमिलनाडु जाने के बाद दादा के साथ रह रहा 2 साल का बच्चा सोमवार की दोपहर खेलते हुए बाड़ी की ओर गया, जहां गोबर गैस टंकी के खुले चैंबर से गिरकर डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसा दर्री थाना अंतर्गत बरेड़ीमुड़ा गांव में सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे हुई। जहां निवासरत प्रमोद कंवर का पुत्र लक्ष्मी नारायण कंवर अपनी पत्नी के साथ कमाने-खाने के कुछ माह पहले तमिलनाडु गए है । उन्होंने अपने इकलौते 2 वर्षीय बेटे हर्ष को उसके दादा प्रमोद कंवर के पास छोड़ा था। बच्चे की देखरेख उसकी बुआ रिंकी किया करती थी। सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे बच्चा घर के आंगन में खेल रहा था। इस दौरान दादा प्रमोद कंवर बाड़ी के कुआं में नहाने गया था, वहीं बुआ घर पर काम कर रही थी। नहाकर लौटे प्रमोद कंवर ने जब बच्चे को आवाज दी तो वह कहीं नहीं दिखा। मोहल्ले व पड़ोसियोें के घर जाने की सोचकर उन्होंने बच्चे की खोजबीन की । पूरे गांव समेत सभी घर के कुएं व झाड़ियों में खोजबीन की गई, लेकिन बच्चे का कहीं भी पता नहीं चला। परिजन ने थाना में बच्चे के लापता होने की सूचना दी थी। मंगलवार की सुबह पुलिस ने बच्चे की खोजबीन शुरू की तो बाड़ी में गोबर गैस की पुरानी टंकी नजर आई। पास पहुंचने पर उसका चैंबर खुला हुआ मिला, ऐसे में उसमें गिरने की आशंका से उसमें भरे पानी को निकाला गया तो अंदर बच्चे का शव मिला, जिसे बाहर निकाला गया। दर्री थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष सिंह के मुताबिक मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।


