भास्कर न्यूज | बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित ग्राम पंचायत कैका और गुमरा के ग्रामीण सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर गांवों में विकास की मांग की। ग्रामीणों ने पंचायत तक पहुंचने के लिए सड़क, स्कूल, आंगनबाड़ी, पुलिया, बिजली व अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के बाद से उनके गांवों में बिजली तक नहीं पहुंची है। सड़क, पुलिया और शासकीय भवनों के अभाव में वे विकास से पूरी तरह वंचित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नक्सलवाद के कारण न तो कोई जनप्रतिनिधि उनके गांव तक पहुंचा और न ही प्रशासनिक अमला ही उनके गांवों तक पहुंचा है। अब क्षेत्र में नक्सलवाद खात्मे की ओर है और वे खुद को पहले से अधिक सुरक्षित और स्वतंत्र महसूस कर रहे हैं। ऐसे में अब वे अपने गांवों में विकास चाहते हैं। कलेक्टर ने ग्रामीणों को जल्द ही गांवों में बिजली, पानी, सड़क और पुलिया सहित बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाने का आश्वासन दिया। बीजापुर। विकास की मांग लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे ग्रामीण।


