भास्कर न्यूज | रामानुजगंज ग्राम आरागाही में सार्वजनिक अखंड नाम संकीर्तन समारोह समिति और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित 16 प्रहर (48 घंटे) का अखंड नाम संकीर्तन समारोह श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन की खास बात यह है कि गांव में यह परंपरा पिछले 40 वर्षों से अटूट आस्था के साथ निरंतर चली आ रही है। समारोह का आगाज 14 फरवरी को हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में निकली कलश यात्रा से हुआ। 17 फरवरी तक चले इस चार दिवसीय आध्यात्मिक उत्सव में पूरे क्षेत्र का वातावरण हरिनाम की गूंज से भक्तिमय रहा। आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु इस महाआयोजन का हिस्सा बनने पहुंचे। अखंड संकीर्तन में अपनी कला और भक्ति का प्रदर्शन करने के लिए त्रिपुरा, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और स्थानीय भजन मंडलियां पहुंची थीं। राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रही, जहां लोग दर्शन कर भावविभोर हुए। धार्मिक मर्यादा और आयोजन की पवित्रता को देखते हुए ग्रामवासियों ने एक सराहनीय निर्णय लिया। चार दिनों तक गांव में मांस की बिक्री पूरी तरह बंद रही और ग्रामीणों ने भी मांसाहार से पूरी तरह परहेज किया। इससे पूरे क्षेत्र में सात्विकता और शांति का वातावरण बना रहा। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, पार्षद सुमित गुप्ता, अमित गुप्ता, प्रमोद मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की। आयोजन के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष रत्नेश्वर मलिक, उपाध्यक्ष कमल मंडल, प्रभात विश्वास, सचिव सुशील सरकार, रंजीत धर, सह सचिव कार्तिक माझी, देवाशीष वेद, कोषाध्यक्ष राजू मंडल, नीतू मंडल आदि ने सहयोग किया।


