भास्कर न्यूज | कोतबा छत्तीसगढ़ की बेटियों ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। जशपुर जिले की प्रतिभावान एथलीट विमला कुजूर ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित राष्ट्रीय महिला खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले और प्रदेश में गर्व का माहौल है। 13 से 15 फरवरी तक जबलपुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच विमला कुजूर ने अपनी बेहतरीन फिटनेस, तेज रफ्तार और उत्कृष्ट तकनीक का प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। उन्होंने ट्रिपल जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इसके साथ ही 100 मीटर दौड़ और 80 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।


