बच्चों ने माता-पिता को आसन पर बिठाकर माला पहनाई, तिलक लगा पूजा-अर्चना की

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव श्री योग वेदांत सेवा समिति राजनांदगांव के तत्वावधान में इस वर्ष भी मातृ-पितृ पूजन दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मातृ-पितृ पूजन दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम वार्ड नंबर 1 बजरंगपुर नवागांव में सोमवार को किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक चौधरी, निगम चेयरमैन राजा मखीजा, भाजपा युवा नेता बंटी लाल, पूर्व पार्षद टीलेस्वरी साहू रही। सभी अतिथियों ने अपनी उपस्थित देकर कार्यक्रम की सराहना की। माता-पिता का पूजन की भाव-विभोर कर देने वाले दृश्य को देख उपस्थित जनसमूह की आंखें भर आयी। बच्चों का हृदय तो प्रेम से भर आया साथ ही माता-पिता के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। बाल संस्कार विभाग के प्रमुख संजय साहू ने बताया सुंदर आयोजन में बाल संस्कार केंद्र के बच्चों ने प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत किया। फिर बच्चों ने माता-पिता को आसन पर बिठाकर फूल-माला पहनायीं, तिलक किया और पूजा-अर्चना की। माता-पिता ने बच्चों को हृदय से लगा आशीर्वाद दिया। पूजन कार्यक्रम की अतिथियों ने सराहना की। भारतीय परंपरा की झलक देख हर्षित हो उठे अतिथि मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कहा मैं पूरे नगर वासियों को मातृ-पितृ पूजन दिवस पर बधाई देता हूं। यह संस्कार जो हमारी प्राचीन संस्कृति थे उसे वर्तमान में भी संस्कारित करने का काम वर्षों से जो चल रहा है मैं इसके लिए इस संस्था के सदस्यों का आभार प्रकट करता हूं। भारतीय परंपरा की झलक को देख कर माता-पिता सहित उपस्थित अन्य लोगों की भी आंखें नम हो गई। अतिथियों ने श्री योग वेदांत सेवा समिति की प्रशंसा की। जिले में अब तक 550 से ज्यादा स्थानों में कार्यक्रम कर माता-पिता व विद्यार्थियों ने माता-पिता व गुरुजनों का आदर करना सीखा है। माता-पिता का आशीर्वाद हो तो सफलता जरूर मिलेगी जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि आज का दिन बहुत खास है क्योंकि आज मातृ-पितृ पूजन दिवस है। जिस तरह श्री गणेश जी ने माता-पिता का पूजन कर उनका आशीर्वाद पाया और प्रथम पूज्य हुए ऐसे ही हम भी अपने माता-पिता का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर सभी क्षेत्रों में सफलता मिलेगी। वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक चौधरी ने कार्यक्रम से प्रभावित होकर कहा की हमने कई अन्य आयोजन तो बहुत देखे है पर आज तो यह माता-पिता का जो पूजन देखा है अब तक का सबसे अच्छा आयोजन रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *