धमतरी| बीसीएस पीजी कॉलेज धमतरी में जिला चिकित्सालय धमतरी के कोटपा विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। काउंसलर डॉ. भागेश्वर लोधी, डॉ. विकास सांगले थे। उन्होंने विद्यार्थियों को सिगरेट, तंबाकू उत्पाद और कोटपा एक्ट 2003 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान तंबाकू उत्पादों की बिक्री से संबंधित कानूनी नियमों, सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध, नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद न बेचने के प्रावधान तथा नियमों के उल्लंघन पर दंडात्मक कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य हानि जैसे- कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियां एवं अन्य दीर्घकालिक समस्याओं को बताया। साथ ही तंबाकू की लत से मुक्ति पाने के उपाय भी बताए। उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय परामर्श के साथ निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी अंतर्गत निकोटीन च्यूइंग गम, निकोटीन लोजेल्स एवं निकोटीन पैच का उपयोग प्रभावी सिद्ध हो सकता है। कार्यक्रम अंतर्गत तंबाकू नियंत्रण एवं सामान्य ज्ञान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को काउंसलर द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संकेत साहू, दिगंत राठी, क्षमता, संदीप, महिमा, युवराज, गौरा, संजय, नरेंद्र, लिखेंद्र, सिद्धांत दुबे, रुद्रानी, प्रतिभा सहित सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


