भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब खो-खो एसोसिएशन की ओर से जिला मानसा के गांव अकांवाली में सीनियर पंजाब स्टेट खो-खो चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रिंसिपल बुद्ध राम उपस्थित रहे। जिला एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी हरबिंदर पाल ने बताया कि जिले की पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता। पुरुष टीम ने कप्तान विनीत की अगुआई में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला टीम ने कप्तान जसप्रीत कौर के नेतृत्व में बेहतरीन खेल दिखाते हुए तीसरा स्थान अपने नाम किया। पुरुष टीम के कोच सुरेश कुमार और मैनेजर विशाल कुमार तथा महिला टीम के कोच जतिंदर कुमार और मैनेजर अफसाना ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणामों में पुरुष वर्ग में पटियाला विजेता और संगरूर उप-विजेता रहा, जबकि जालंधर तीसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में पटियाला ने चैंपियनशिप जीती, मुक्तसर उप-विजेता रहा और जालंधर ने तीसरा स्थान हासिल किया। जिला प्रधान गुरदेव सिंह कंबोज ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।


