भास्कर न्यूज | जालंधर संगल सोहल के सेठ हुक्म चन्द एसडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता करवाई गई। इसका शुभारंभ प्रधानाचार्या प्रियंका शर्मा ने ध्वजारोहण कर किया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुशासन, टीम वर्क और उत्साह का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने खेल भावना, निष्पक्षता और समर्पण के साथ विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। कार्यक्रम में बोरी दौड़, स्किपिंग रेस, बाधा दौड़, हूला हूप शिफ्टिंग रेस, गेंदें एकत्र कर दौड़ना, कोन इकट्ठा कर दौड़ना, क्रॉलिंग रेस तथा सिर पर कोन रखकर दौड़ने जैसी रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पहले सभी विद्यार्थियों के ट्रायल लिए गए। इसके पश्चात प्रथम चरण, सेमीफाइनल और फाइनल राउंड आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्या प्रियंका शर्मा ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेता विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।


