पंचमुखी हनुमान मंदिर धुर्वा परिसर में जनहित सेवा ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष रेनु सिंह के नेतृत्व में 51 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। पंडितों द्वारा पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह के अनुष्ठान कराए गए। सभी नवविवाहित जोड़ों को शगुन का बक्सा, बर्तन और शृंगार सामग्री दी गई। मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। ट्रस्ट की अध्यक्ष रेनु सिंह ने बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से इस सामाजिक कार्य से जुड़ी हुई हैं और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह कराना उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि पत्रकार व समाजसेवी धर्मेंद्र गिरि का भी सहयोग रहा। इस अवसर पर नगमा रानी पासवान, राहुल कुमार सिंह, वसीम अकरम शाहिद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य लोग उपस्थित थे। जनहित सेवा ट्रस्ट की ओर से सामूहिक विवाह का आयोजन कर निर्धन और असहाय जोड़ों का विवाह पूरी तरह निःशुल्क कराया गया। कार्यक्रम में वर व वधु पक्ष से 10-10 लोगों की सहभागिता रही। आयोजन से जुड़ी रेनु ने बताया कि इस पुनीत कार्य को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से सहयोग लिया जाता है। कहा कि एक माह बाद 101 जोड़ों का सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा।


