झारखंड राज्य आरोग्य समिति की बैठक कार्यकारी निदेशक छवि रंजन की अध्यक्षता में हुई, जिसमें 21 गंभीर मरीजों को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया। बैठक में कैंसर, किडनी ट्रांसप्लांट, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, गंभीर मस्तिष्क चोट जैसे मामलों में 5 लाख से 20 लाख रुपए तक के अनुदान प्रस्तावों की समीक्षा की गई। स्वीकृत लाभार्थियों में जामताड़ा, गिरिडीह, रांची, हजारीबाग, बोकारो, देवघर, पाकुड़ और पूर्वी सिंहभूम सहित विभिन्न जिलों के मरीज शामिल हैं। कई मरीज कैंसर से पीड़ित हैं, जबकि कुछ को किडनी ट्रांसप्लांट और बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए सहायता दी गई है। पाकुड़ की एक मरीज के 10 लाख रुपए से अधिक के मामले को भौतिक सत्यापन के बाद मंत्रिपरिषद की स्वीकृति हेतु भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं दो अन्य मामलों में वर्तमान चिकित्सीय स्थिति के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।


