बेटियां भी एनसीसी से जुड़कर नेतृत्व की मिसाल स्थापित कर रहीं : राज्यपाल

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को लोक भवन में आयोजित ‘ऐट होम’ कार्यक्रम में ‘गणतंत्र दिवस शिविर 2026 में झारखंड का प्रतिनिधित्व करनेवाले एनसीसी कैडेट्स और ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन’ के एनसीसी प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर राज्य का प्रतिनिधित्व करना अत्यंत गौरव एवं सम्मान की बात है। वहीं, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष पर आयोजित ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन’ युवाओं में राष्ट्रभक्ति, फिटनेस एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायी आयोजन रहा। उन्होंने कैडेट्स की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना करते हुए उनके प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों को भी बधाई दी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बड़ी संख्या में बेटियां भी एनसीसी से जुड़कर नेतृत्व एवं अनुशासन की मिसाल स्थापित कर रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। राज्यपाल ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रप्रेम की पाठशाला है। यह युवाओं में चरित्र निर्माण, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करता है। एनसीसी विश्व का सबसे बड़ा युवा संगठन है, जो ‘विविधता में एकता’ का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है। वे स्वयं भी एनसीसी कैडेट रह चुके हैं। एनसीसी कैडेट्स की रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता सराहनीय है। राज्यपाल ने ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन’ के प्रतिभागियों को ₹10,000 (दस हजार रुपए) की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *