बिलासपुर | सिरगिट्टी के वार्ड क्रमांक 12 स्थित जय बुद्धदेव नगर में पिछले एक माह से नाली निर्माण का कार्य जारी है, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों की सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। अधूरे और धीमी गति से चल रहे काम के कारण क्षेत्रवासियों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण सामग्री सड़क पर फैली हुई है। इससे पैदल चलने वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू तो कर दिया गया, लेकिन इसे व्यवस्थित तरीके से पूरा नहीं किया जा रहा। न तो वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की गई है और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। लोगों ने संबंधित विभाग और नगर प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए तथा तब तक आवागमन के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। – दीपक गुप्ता, सिरगिट्टी


