भास्कर न्यूज | बेमेतरा शहर में डिवाइडर से वाहनों के टकराने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार रात संग्रहण केंद्र से धान खाली कर लौट रहा ट्रक मुख्य मार्ग पर डिवाइडर के मुहाने से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पिछले महीने भी देर रात को सिमगा की ओर से आ रहा ट्रक भी डिवाइडर से टकरा गया था, जिसमें चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। डेढ़ महीने के भीतर इस तरह की कई घटनाओं से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। रात के समय डिवाइडर पर पर्याप्त रोशनी नहीं रहती, जिससे वाहन चालकों को उसका सही अंदाजा नहीं हो पाता। निर्माण के समय डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई थी, लेकिन बार-बार टक्कर लगने से लाइट क्षतिग्रस्त हो चुकी है। फिलहाल कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक दिनभर मुख्य मार्ग पर खड़ा रहा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। इसी प्रकार बेमेतरा-दुर्ग मार्ग पर बने डिवाइडर के कई हिस्से भी लगातार दुर्घटनाओं के कारण टूट चुके हैं। नगरवासियों ने डिवाइडर के मुहानों पर रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।


