हिमाचल की ऊंची चोटियों पर आज हल्की बर्फबारी के आसार:कल से 23 तक खिलेगी धूप, विंटर सीजन में नॉर्मल से 28% कम वर्षा

हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फ के हल्के फाहे गिर सकते हैं, जबकि प्रदेश के अन्य भागों में मौसम साफ बना रहेगा। विभाग का अनुमान है कि बुधवार से पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा और 23 फरवरी तक लगातार धूप खिली रहेगी। इस बीच प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। कल्पा में सबसे ज्यादा 8.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तापमान 15.0 डिग्री तक पहुंच गया। शिमला का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक होकर 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। भुंतर में तापमान 5.8 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 23.8 डिग्री, ऊना में 5.4 डिग्री बढ़कर 28.7 डिग्री और सुंदरनगर में 5.0 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 25.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रात का पारा भी सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी का रुख बना हुआ है। कल्पा का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक होकर 1.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कांगड़ा में यह 4.1 डिग्री बढ़कर 9.8 डिग्री पहुंच गया। शिमला में रात का तापमान भी सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक होकर 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। विंटर सीजन में सामान्य से 28% कम वर्षा मौसम विभाग के अनुसार इस बार सर्दियों में सामान्य से कम बारिश हुई है। एक जनवरी से 17 फरवरी के बीच प्रदेश में 142.1 मिलीमीटर सामान्य वर्षा होती है, लेकिन इस बार केवल 101.9 मिलीमीटर ही बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 28 प्रतिशत कम है। कम बारिश और बढ़ते तापमान के कारण सर्दियों का असर कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। मौसम साफ रहने से लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी से ठंड का असर बना रह सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *